हैदराबाद, : 26/11 मुंबई आतंकी हमलों जैसी घटना को अंजाम देने की धमकी मिलने के बाद हैदराबाद पुलिस हाई अलर्ट पर है। लश्कर-ए-तैयबा के नाम से भेजे गए एक धमकी भरे ई-मेल के बाद पुलिस ने काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन और टूरिस्ट प्लाजा में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड के साथ व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, होटलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ई-मेल में दावा किया गया कि जम्मू-कश्मीर में भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर लतीफ भट के मारे जाने का बदला लेने के लिए यह हमला किया जाएगा। ई-मेल में काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन और टूरिस्ट प्लाजा को निशाना बनाकर लगभग 300 लोगों की हत्या करने की धमकी दी गई थी।
धमकी मिलने के तुरंत बाद हैदराबाद पुलिस, स्पेशल ब्रांच और साइबर क्राइम टीम ने जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह ई-मेल नॉर्वे से एक अस्थायी डिस्पोजेबल ई-मेल आईडी के माध्यम से भेजा गया था। हालांकि, पुलिस का प्राथमिक निष्कर्ष है कि यह धमकी फर्जी हो सकती है। साइबर क्राइम पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस बीच, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड ने काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन तथा आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कोई भी विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या लावारिस वस्तु की जानकारी तुरंत 112 पर देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और आम जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है।








